scorecardresearch
Wednesday, 25 September, 2024
होमदेशकेंद्र ने झारखंड के साथ अन्याय किया, भाजपा सत्ता हथियाने की कोशिश कर रही है: कल्पना

केंद्र ने झारखंड के साथ अन्याय किया, भाजपा सत्ता हथियाने की कोशिश कर रही है: कल्पना

Text Size:

मेदिनीनगर (झारखंड), 25 सितंबर (भाषा) झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की विधायक कल्पना सोरेन ने बुधवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह राज्य के साथ अन्याय कर रही है और उसकी खनिज संपत्तियों को हड़प रही है।

कल्पना सोरेन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता हथियाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें (भाजपा) राज्य से बाहर कर दिया जाएगा।

सोरेन ने कहा कि भाजपा अपना ‘एजेंडा’ सफल बनाने के लिए दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं को यहां ला रही है। उन्होंने अपने दावे की पुष्टि के लिए मुख्य रूप से असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम का उल्लेख किया।

उन्होंने ‘मईयां सम्मान यात्रा’ के दौरान कहा, ‘‘केंद्र ने हमेशा झारखंड के साथ अन्याय किया है। उसकी नजर केवल झारखंड की खदानों और खनिजों पर है तथा वह संसाधनों की लूट में लिप्त है। कोयले के लिए केंद्र पर हमारा बकाया राजस्व 1.36 लाख करोड़ रुपये है।’

सोरेन ने कहा कि भाजपा नेता राज्य में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं, जबकि केंद्र सरकार राज्य की खनिज संपदा पर नजरें गड़ाए हुए है। उन्होंने कहा, ‘हम उन्हें करारा जवाब देंगे।’

उन्होंने दावा किया कि जैसे-जैसे (विधानसभा) चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भाजपा के ‘बहरूपिये’ सत्ता हथियाने के प्रयास के तहत दुष्प्रचार के लिए यहां आ रहे हैं, लेकिन ऐसी ताकतों को यहां से भगा दिया जाएगा।’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि वे हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को परेशान करने के लिए जितने भी मुख्यमंत्री और नेता ला सकते हैं, लायें… हमारी महिलाएं उनकी रक्षा करेंगी।’’

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सत्ता हथियाने के भाजपा के प्रयासों को विफल करें।

सोरेन ने आरोप लगाया कि उनके पति को एक साजिश के तहत पांच महीने तक जेल में रखा गया, जिसके कारण झारखंड मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना के तहत धनराशि के वितरण में देरी हुई।

प्रवर्तन निदेशालय ने हेमंत सोरेन को भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था, लेकिन जून में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

भाषा योगेश सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments