(फाइल फोटो के साथ)
कोलकाता, 24 अप्रैल (भाषा) मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में ‘अपने विभाजनकारी एजेंडे को थोपने’ की कोशिश कर रही ताकतों को शुक्रवार को आगाह करते हुए कहा कि यह विधानसभा चुनाव राज्य को ‘कमजोर’ करने और उस पर नियंत्रण करने के एक व्यवस्थित प्रयास का प्रतिरोध करने को लेकर है।
पिछले एक महीने से राज्य भर में घूम रहीं और चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहीं बनर्जी ने ‘एक्स’ पर लिखा कि बंगाल को ‘कमजोर’ करने के हर प्रयास का निर्णायक लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा, “दिल्ली में बैठे लोग बंगाल के अधिकारों को छीनने और अपना एजेंडा थोपने की साजिश रच रहे हैं, लेकिन उन्हें यह बात अच्छी तरह समझ लेनी चाहिए कि बंगाल की जनता सब देख रही है और वे अपने वोट के जरिए जवाब देंगे। यह चुनाव बंगाल को कमजोर करने और उस पर नियंत्रण करने के व्यवस्थित प्रयास का विरोध करने को लेकर है।”
मुख्यमंत्री का इशारा स्पष्ट रूप से राज्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य सहित भाजपा के केंद्रीय नेताओं द्वारा चलाए जा रहे निरंतर प्रचार अभियान की ओर था।
बनर्जी ने कहा, “चौरंगी, भवानीपुर, यादवपुर और टॉलीगंज में मैंने लोगों को स्पष्ट इरादे, दृढ़ संकल्प, एकता के साथ बंगाल, उसकी पहचान और उसके भविष्य की रक्षा के लिए तत्परता से उमड़ते देखा। जो लोग यह मानते हैं कि वे दिल्ली से बंगाल चला सकते हैं, उसकी राजनीति तय कर सकते हैं, उसके लोगों को बांट सकते हैं और उसकी संस्कृति को विकृत कर सकते हैं, वे बहुत बड़ी भूल कर रहे हैं। इस भूमि की स्मृति लंबी है और इसकी रीढ़ की हड्डी बहुत मजबूत है।”
बनर्जी ने दावा किया कि निरंतर बाधाओं के बावजूद विकास बंगाल के हर घर तक पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा, “हमारी कल्याणकारी योजनाएं जीवन रेखा हैं और कोई भी ताकत, चाहे वह खुद को कितनी भी शक्तिशाली क्यों न समझे, इसे जनता से छीन नहीं सकती। बंगाल आज प्रगति, शांति और गरिमा के लिए तनकर खड़ा है। जनता का प्रेम और विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यही हमें आगे बढ़ाती है और बंगाल को कमजोर करने के हर प्रयास को विफल कर देगी।”
बनर्जी ने लोगों से मतभेदों को भुलाकर एकजुट होने और बंगाल की भाषा, संस्कृति और भविष्य की रक्षा के लिए मतदान करने का आह्वान किया।
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण का चुनाव बृहस्पतिवार को हुआ, जबकि दूसरे चरण का चुनाव 29 अप्रैल को होगा। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा
राजकुमार दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.