scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशठाणे पुलिस ने 2017 के जबरन वसूली मामले में गैंगस्टर रवि पुजारी को गिरफ्तार किया

ठाणे पुलिस ने 2017 के जबरन वसूली मामले में गैंगस्टर रवि पुजारी को गिरफ्तार किया

Text Size:

ठाणे, 18 मार्च (भाषा) ठाणे पुलिस ने 2017 के जबरन वसूली और गोलीबारी के मामले में जेल में बंद गैंगस्टर रवि पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है और स्थानीय अदालत से उसकी हिरासत प्राप्त कर ली है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गैंगस्टर(57) को बुधवार को एक विशेष मकोका अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उसे 27 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, ठाणे अपराध शाखा के जबरन वसूली विरोधी प्रकोष्ठ ने मंगलवार को उसे बेंगलुरु के परप्पना अग्रहरा केंद्रीय जेल से हिरासत में लिया और शहर में ले आई।

पुजारी कर्नाटक के उडुपी का रहने वाला है और कई वर्षों से विदेश से अपना धंधा चला रहा था। उसको 2020 में सेनेगल से भारत प्रत्यर्पित किया गया था।

पुलिस द्वारा जारी बयान में कहा गया है, ‘आरोपी रवि पुजारी ने 2017 में एक निर्माण व्यवसायी से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। उसने फिरौती न मिलने पर व्यवसायी को जान से मारने की धमकी दी और बाद में अपने गुर्गों को पीड़ित के कार्यालय पर गोलीबारी करने के लिए भेजा।’

कासारवडवली पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 385 (जबरन वसूली), 387 (जबरन वसूली के लिए मृत्युदंड का भय) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में, इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की कड़ी धारा भी लगाई गई।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि कर्नाटक के उडुपी निवासी पुजारी के खिलाफ लगभग 44 गंभीर अपराध दर्ज हैं।

भाषा तान्या नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments