ठाणे, चार अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के प्रशासन ने आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तर के आपदा मोचन बलों के सहयोग से आपदा संबंधी तैयारी के लिए दो सप्ताह तक चलने वाले अभ्यास की शुरुआत की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक आयोजित किये जाने वाले अभ्यास कार्यक्रम का उद्देश्य प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के दौरान समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमताओं में सुधार करना है।
इस अभ्यास में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल की टीमें शामिल हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘वरिष्ठ अधिकारियों सहित कुल 25 प्रशिक्षित कर्मियों को जिले में तैनात किया गया है ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण और परिचय सत्र आयोजित किए जा सकें।’
इस अभ्यास का उद्देश्य स्थानीय प्रशासनिक कर्मचारियों और आपदा के समय सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाले कर्मियों को बचाव कार्यों, अंतर-एजेंसी समन्वय और विशेष आपदा-प्रतिक्रिया उपकरणों के उपयोग में व्यावहारिक कौशल से लैस करना है।
उपमंडल अधिकारियों और तहसीलदारों सहित अन्य अधिकारी, नागरिक सुरक्षा कर्मी, पुलिस पाटिल और ‘आपदा मित्र’ और ‘आपदा सखी’ जैसे सामुदायिक स्वयंसेवक प्रशिक्षण सत्रों में भाग ले रहे हैं।
नवी मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, मीरा-भायंदर, भिवंडी-निजामपुर, शाहपुर, मुरबाड और अंबरनाथ में नागरिक निकायों और तहसील कार्यालयों सहित कई स्थानों पर लगभग 200 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
भाषा तान्या संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
