scorecardresearch
Saturday, 27 April, 2024
होमदेशकेजरीवाल की गिरफ्तारी को 'अवैध' बताते हुए ‘इंडिया’ के घटक दलों ने मुंबई में विरोध प्रदर्शन किया

केजरीवाल की गिरफ्तारी को ‘अवैध’ बताते हुए ‘इंडिया’ के घटक दलों ने मुंबई में विरोध प्रदर्शन किया

Text Size:

मुंबई, 29 मार्च (भाषा) विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ शुक्रवार को मुंबई में प्रदर्शन किया और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को ‘अवैध और अनुचित’ बताया।

प्रदर्शनकारियों ने दक्षिण मुंबई के आज़ाद मैदान में सत्याग्रह किया और लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की करारी हार का आह्वान किया।

‘इंडिया’ गठबंधन में भाजपा विरोधी दो दर्जन से अधिक दल शामिल हैं। विपक्षी गठबंधन ने नरेन्द्र मोदी सरकार के ‘अत्याचार’ के खिलाफ एकजुट संघर्ष की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चिलचिलाती धूप की परवाह नहीं करते हुए प्रदर्शन किया।

केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) भी इस गठबंधन का हिस्सा है, जिसका गठन पिछले साल किया गया था।

प्रदर्शन स्थल पर मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़, भाई जगताप (विधान पार्षद), आप की मुंबई इकाई की प्रमुख प्रीति शर्मा-मेनन, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की राखी जाधव सहित कई नेता मौजूद थे।

शर्मा-मेनन ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मंत्रियों और आप नेताओं मनीष सिसोदिया एवं सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी से शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उनके द्वारा किए जा रहे कार्य बाधित हो गए।

उन्होंने कहा, ‘मनीष सिसोदिया जेल में नहीं हैं, भारत की शिक्षा जेल में है। सत्येन्द्र जैन जेल में नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवा जेल में है। और अरविंद केजरीवाल जेल में नहीं हैं, भारत की आशा जेल में बंद है।’

गिरफ्तारी के समय सिसोदिया शिक्षा विभाग तथा जैन स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा संभाल रहे थे।

भाषा अविनाश दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments