हैदराबाद, 24 अप्रैल (भाषा) हैदराबाद में कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास करने वाले तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) के एक चालक की बृहस्पतिवार देर रात एक अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वारंगल जिले के नरसमपेट में तेलंगाना आरटीसी के कर्मचारी बृहस्पतिवार को अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे, तभी वाहन चालक शंकर गौड़ (50) ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली।
गंभीर रूप से झुलसे गौड़ को पहले वारंगल के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए हैदराबाद के एक ‘सुपर-स्पेशियलिटी’ अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
यहां एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार रात एक बजकर करीब 30 मिनट पर वाहन चालक की मौत हो गई।’’
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिजन के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि सरकार आरटीसी कर्मचारियों से बातचीत करेगी और उनकी समस्याओं को हल करने का प्रयास करेगी।
राज्य सरकार ने आरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए कर्मचारियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया और आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार के कड़े कदम न उठाएं ।
सड़क एवं भवन मंत्री वेंकट रेड्डी ने बताया कि नलगोंडा में आरटीसी के एक अन्य कर्मचारी ने भी कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया, हालांकि उसे कोई चोट नहीं आई।
अन्य खबरों में दावा किया गया है कि बृहस्पतिवार शाम खम्मम स्थित अपने आवास पर आरटीसी के एक कर्मचारी ने इसी तरह का कदम उठाया, लेकिन पुलिस ने कहा कि यह घटना कर्मचारियों की हड़ताल से संबंधित नहीं है और पारिवारिक मुद्दों को लेकर यह कदम उठाया गया था।
मुख्यमंत्री रेड्डी ने उपमुख्यमंत्री मल्लु भट्टी विक्रमार्क के नेतृत्व में मंत्रियों को बृहस्पतिवार को निर्देश दिया कि वे शुक्रवार को कर्मचारी संघों को बातचीत के लिए आमंत्रित करें।
कर्मचारियों ने आरटीसी के सरकार में विलय समेत अपनी 32 मांगों के समर्थन में 22 अप्रैल को हड़ताल शुरू की।
भाषा यासिर शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.