scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशतेलंगाना के मुख्यमंत्री ने नेटफ्लिक्स के 'आईलाइन स्टूडियोज' का उद्घाटन किया

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने नेटफ्लिक्स के ‘आईलाइन स्टूडियोज’ का उद्घाटन किया

Text Size:

हैदराबाद, 12 मार्च (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बृहस्पतिवार को यहां नेटफ्लिक्स ‘आईलाइन स्टूडियोज’ के ग्लोबल वीएफएक्स और वर्चुअल प्रोडक्शन केंद्र का उद्घाटन किया तथा ओटीटी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी को राज्य सरकार द्वारा शहर के बाहरी इलाके में विकसित किए जा रहे ‘भारत फ्यूचर सिटी’ में एक बड़ा केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।

आईलाइन नेटफ्लिक्स का इनोवेशन हब है।

रेड्डी ने सभी फॉर्च्यून 500 कंपनियों को ‘भारत फ्यूचर सिटी’ लाने का वादा किया।

हैदराबाद को अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग का केंद्र बनाने के अपने सपने का जिक्र करते हुए रेड्डी ने कहा कि शहर में नेटफ्लिक्स द्वारा केंद्र स्थापित करने का मतलब हॉलीवुड का ‘आगमन’ है।

उन्होंने कहा, ‘यह मेरे सपने की पहली सीढ़ी है। यह जगह सिर्फ टॉलीवुड, बॉलीवुड, कॉलीवुड के लिए ही नहीं है। मैं हॉलीवुड पर ध्यान केंद्रित कर रहा था। आज मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि नेटफ्लिक्स यहां आ गया है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हॉलीवुड यहां पहुंच गया है। मेरा सपना सच होने जा रहा है। मैं नेटफ्लिक्स का स्वागत करता हूं।’

उन्होंने नेटफ्लिक्स से हैदराबाद में अपनी उपस्थिति बढ़ाने का आग्रह करते हुए ओटीटी मंच को सरकार के समर्थन का आश्वासन दिया।

उद्घाटन समारोह में राज्य के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्रीधर बाबू, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू और अभिनेता-निर्माता राणा दग्गुबाती के साथ-साथ आईलाइन स्टूडियोज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेफ शापिरो भी उपस्थित थे।

आईलाइन स्टूडियोज नेटफ्लिक्स का दृश्य प्रभाव (विजुअल इफेक्ट्स) और वर्चुअल प्रोडक्शन के लिए प्रमुख नवाचार केंद्र है, जहां व्यावहारिक फिल्म निर्माण और अगली पीढ़ी की तकनीक का संगम होता है।

वर्ष 2019 में स्थापित स्टूडियो ने 2025 में स्कैनलाइन वीएफएक्स (1989 में स्थापित एक विजुअल इफेक्ट्स पावरहाउस) के साथ विलय कर लिया ताकि तीन डिवीजन (स्टूडियोज, वीएफएक्स और लैब्स) में काम करने वाली एक एकल, इकाई का गठन किया जा सके।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments