scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशतेलंगाना: नागरिक संस्थाओं का एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन, इसे वापस लेने की मांग

तेलंगाना: नागरिक संस्थाओं का एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन, इसे वापस लेने की मांग

Text Size:

हैदराबाद, 24 अक्टूबर (भाषा) नागरिक संस्थाओं और वामपंथी संगठनों से जुड़े लोगों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को वापस लेने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को यहां प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन यहां हुसैन सागर झील के किनारे टैंक बंड पर आयोजित किया गया। तिरंगा लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने एसआईआर, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में प्रोफेसर हरगोपाल, अर्थशास्त्री परकला प्रभाकर, विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कोदंडराम और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अकुनूरी मुरली सहित कई प्रमुख हस्तियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

यह प्रदर्शन कई नागरिक संस्थाओं और छात्र संगठनों के गठबंधन ‘पीपुल अगेंस्ट एसआईआर’ ने आयोजित किया था।

अर्थशास्त्री परकला प्रभाकर ने कहा कि सरकार ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से बाहर कर दिया है, लेकिन देश में जहां भी एसआईआर के खिलाफ आवाज उठाई जाती है, वह जगह जंतर-मंतर बन जाती है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘क्या आप इस देश के हर शहर को प्रदर्शन स्थल की सूची से बाहर करना चाहते हैं? क्या आप देश के हर व्यक्ति को इससे वंचित करना चाहते हैं?’’

प्रभाकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति हैं।

उन्होंने एसआईआर को रद्द करने, पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने, निर्वाचन आयोग को भंग करने और निर्वाचन आयुक्तों के चयन के लिए गठित समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के प्रधान न्यायाधीश को शामिल करने की मांग की।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments