scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशतेलंगाना : जुबली हिल्स उपचुनाव में जीत से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की स्थिति मजबूत हुई

तेलंगाना : जुबली हिल्स उपचुनाव में जीत से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की स्थिति मजबूत हुई

Text Size:

हैदराबाद, 14 नवंबर (भाषा) तेलंगाना में जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में जीत मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के लिए काफी उत्साहवर्धक है। रेड्डी ने इस उपचुनाव को पार्टी के लिए प्रतिष्ठा प्रश्न बना लिया था।

इस जीत के साथ 119 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस की सीटों की संख्या 66 हो गई है। पिछले दो वर्षों में यह दूसरा उपचुनाव है जिसमें पार्टी ने जीत हासिल की है।

कांग्रेस उम्मीदवार वी. नवीन यादव ने शुक्रवार को जुबली हिल्स विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की उम्मीदवार मगंती सुनीता को 24,729 मतों के अंतर से हराया।

यादव को 98,988 वोट मिले, जबकि भारत राष्ट्र बीआरएस उम्मीदवार को 74,259 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार एल. दीपक रेड्डी की जमानत जब्त हो गई, जिन्हें केवल 17,061 वोट मिले।

इस साल जून में बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन के कारण यह उपचुनाव कराना पड़ा था।

कांग्रेस ने मतदाताओं को लुभाने के लिए हरसंभव प्रयास किया।

चुनावों के दौरान रेवंत रेड्डी ने स्वयं पूरे क्षेत्र में नुक्कड़ सभाएं कीं, शहर में कल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे के विकास की रूपरेखा बताई और लोगों से पार्टी के लिए वोट देने का आग्रह किया।

तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव जब भी होंगे, यही परिणाम सामने आएंगे।

गौड़ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस जीत से लोगों ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वे कांग्रेस के साथ हैं और अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी 100 सीटें जीतेगी। यह सकारात्मक लहर आगे भी जारी रहेगी। ’’

दूसरी ओर, बीआरएस की हार से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल और गिर सकता है।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments