कोटा (राजस्थान), 25 जून (भाषा) राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार तड़के मोटरसाइकिल से अपने पैतृक घर जा रहे 47 वर्षीय शिक्षक पर कथित तौर पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ”पांच से सात लोगों” के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही शिक्षक की मौत का वास्तविक कारण पता चल पाएगा।
पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान यहां बुद्धदीत थानांतर्गत बिसलाई गांव के निवासी राजेंद्र मीणा के रूप में हुई है। वह उसी इलाके में राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक था।
निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद मीणा ने कहा कि मीणा शनिवार तड़के अपने घर से सुल्तानपुर में अपने पिता के घर जा रहा था, तभी एक मंदिर के निकट अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया। उन्होंने डंडों और धारदार हथियारों से उसपर हमला किया और भाग गए। मीणा घायल हो गया, लेकिन किसी तरह उसने अपने पिता को फोन कर दिया। मीणा के पिता और परिवार के अन्य सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे।
अधिकारी ने कहा कि मीणा ने गंभीर चोट नहीं लगने की बात करते हुए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया इसलिये उसे घर ले जाया गया। हालांकि मीणा की तबीयत बिगड़ती गई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने कहा उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है, लेकिन हो सकता है कि कुछ अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हुई हो। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा।
अधिकारी के अनुसार, हत्या के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है क्योंकि मीणा की कथित तौर पर किसी से दुश्मनी नहीं थी और न ही उसका किसी के साथ कोई वित्तीय विवाद था।
भाषा जोहेब शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
