scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशपवन खेड़ा को निशाना बनाना भाजपा के अहंकार, अपराध बोध का परिचायक: प्रियंका गांधी

पवन खेड़ा को निशाना बनाना भाजपा के अहंकार, अपराध बोध का परिचायक: प्रियंका गांधी

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को पार्टी सहयोगी पवन खेड़ा के समर्थन में सामने आते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा उनपर (खेड़ा पर) किया गया ”शर्मनाक” हमला सत्तारूढ़ दल के अहंकार और अपराध बोध को दर्शाता है।

प्रियंका ने यह भी कहा कि संविधान में विश्वास करने वाला प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता और भारतीय नागरिक खेड़ा के साथ खड़ा है, क्योंकि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा उन्हें निशाना बना रहे हैं।

प्रियंका ने यह दावा किया कि शर्मा ने शासन करने का अपना नैतिक अधिकार खो दिया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हर कांग्रेसी व्यक्ति, वास्तव में हर भारतीय जो हमारे संविधान में विश्वास करता है और समझता है कि सवाल उठाना और सत्ता को चुनौती देना एक मजबूत लोकतंत्र का आधार है, खेड़ा के साथ खड़ा है, क्योंकि उनके घर में (पुलिस द्वारा) तलाशी ली गई है और एक ऐसे मुख्यमंत्री द्वारा उनका पीछा किया जा रहा है जो शासन करने का नैतिक अधिकार खो चुका है।’

असम पुलिस की एक टीम मंगलवार को दिल्ली में खेड़ा के आवास पर उनसे पूछताछ के लिए पहुंची थी और तलाशी ली।

अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी द्वारा खेड़ा के आरोपों के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत पर की गई।

खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर तीन पासपोर्ट और अघोषित संपत्ति रखने का आरोप लगाया था।

भाषा हक माधव सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments