शिवगंगा (तमिलनाडु), 11 मार्च (भाषा) कराईकुडी में कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के कार्यालय पर बुधवार को अज्ञात लोगों ने केरोसिन से भरी बोतलें फेंकीं, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम के बेटे और शिवगंगा के सांसद कार्ति के कार्यालय पर हुए इस हमले के बाद गहन जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने परिसर पर केरोसिन से भरी दो बोतलें फेंकीं। एक बोतल दीवार से टकराते ही फट गई, जबकि दूसरी में आग नहीं लगी।
घटना के समय कार्यालय बंद होने के कारण कोई घायल नहीं हुआ। इमारत के बाहरी हिस्से को मामूली नुकसान पहुंचा।
शिवगंगा के पुलिस अधीक्षक आर शिव प्रसाद ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई हैं।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने रासायनिक विश्लेषण के लिए घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। प्रारंभिक खबरों से पता चला है कि सांसद के कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में नहीं थे, जिसके चलते पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास की दुकानों और निजी आवासों से फुटेज खंगालना शुरू किया।
हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है, और खबरों के मुताबिक जांचकर्ता कई सुरागों की छानबीन कर रहे हैं।
घटना के बाद, कराईकुडी के विधायक एस मंगुडी समेत स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने घटनास्थल का दौरा किया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। एहतियात के तौर पर जिले भर में चिदंबरम परिवार के आवासों और कार्यालयों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
