चेन्नई, आठ मार्च (भाषा) तमिलनाडु के राजभवन ने ऑनलाइन रमी खेलने पर प्रतिबंध लगाने वाला विधेयक पुनर्विचार के लिए विधानसभा को लौटा दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विधेयक को राजभवन द्वारा रेखांकित किए गए कुछ पहलुओं के मद्देनजर ‘पुनर्विचार’ के लिए सदन को लौटा दिया गया।
एक अक्टूबर, 2022 को राज्यपाल ने ऑनलाइन जुआ निषेध और रमी तथा पोकर से संबंधित ऑनलाइन गेम के नियमन से जुड़ा अध्यादेश-2022 लागू किया था और तीन अक्टूबर को सरकार द्वारा एक गजट अधिसूचना जारी की गई थी।
उसके बाद 17 अक्टूबर को तमिलनाडु विधानसभा का संक्षिप्त सत्र हुआ था जिसमें यह विधेयक पारित किया गया था।
राजभवन द्वारा विधेयक लौटाए जाने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने सुझाव दिया कि तमिलनाडु सरकार को आवश्यक बदलावों के साथ एक और विधेयक पेश करना चाहिए।
अन्नामलाई ने कोयम्बटूर में संवाददाताओं से कहा कि इस प्रारूप के साथ उच्चतम न्यायालय या केंद्र द्वारा विधेयक को खारिज किए जाने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि सरकार को लोगों को सूचित करना चाहिए कि राज्यपाल ने किस आधार पर विधेयक लौटाया ताकि वे इस मुद्दे पर फैसला कर सकें।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
