तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), छह सितंबर (भाषा) सनातन धर्म पर तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश करने के आरोप में भाजपा के आईटी विभाग के प्रभारी अमित मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बुधवार को यहां यह जानकारी दी।
मालवीय ने हाल में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दावा किया था कि द्रमुक नेता उदयनिधि ने सनातन धर्म का पालन करने वाली 80 प्रतिशत आबादी के ‘‘नरसंहार’’ का आह्वान किया है।
शहर पुलिस ने कहा कि उदयनिधि की टिप्पणी को जानबूझकर गलत तरीके से पेश करने और विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य पैदा करने के लिए भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, इसने विस्तृत जानकारी नहीं दी।
दो सितंबर को द्रमुक नेता और राज्य के मंत्री उदयनिधि ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म सामाजिक न्याय और समानता के खिलाफ है इसलिए इसका ‘‘उन्मूलन’’ कर देना चाहिए।
भाषा शफीक माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.