scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु : इस्लामिक स्टेट से संबंध के आरोप में इरोड से एक व्यक्ति गिरफ्तार

तमिलनाडु : इस्लामिक स्टेट से संबंध के आरोप में इरोड से एक व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

इरोड (तमिलनाडु), 28 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के इरोड से 32 वर्षीय एक व्यक्ति को आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) से संबंध होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा आरोपी से करीब 10 घंटे की पूछताछ के बाद यह गिरफ्तारी की गई है।

इरोड उत्तर की पुलिस ने बुधवार को आसिफ मुजाबदीन (32) को आतंकवादी अभियान में शामिल होने के संदेह में गिरफ्तार किया।

खुफिया सूचना के आधार पर एनआईए ने इरोड के उपनगर मणिकामपलयम हाउसिंग यूनिट स्थित घर में मंगलवार की रात छापेमारी की और मुजाबदीन और उसके दोस्त यासिन (33) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

एनआईए के कर्मियों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर 10 घंटे से अधिक समय तक दोनों से पूछताछ की और केंद्रीय एजेंसी ने आसिफ मुजाबदीन के घर से बरामद लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों को सत्यापित किया।

एजेंसी ने पाया कि आसिफ मुजाबदीन का आईएसआईएस से करीबी संबंध है।

एनआईए द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर इरोड उत्तर की पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा- 121, 122 और 125 और गैरकानूनी गतिविधि (निषेध) कानून-1967 (यूएपीए) की धारा- 17,18ए,20,38 और 39 के तहत मामला दर्ज कर मुजाबदीन को गिरफ्तार कर लिया।

उसे न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे हिरासत में भेज दिया गया। वहीं स्थानीय पुलिस यासिन से अब भी पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि हाल में असम के फूड डिलीवरी कार्यकारी अधिकारी को बेंगलुरु में, एक आतंकवादी संगठन से संबंध होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments