scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशतमिलनाडु : शादी के जोड़े में मतदान करने पहुंचा नवविवाहित जोड़ा

तमिलनाडु : शादी के जोड़े में मतदान करने पहुंचा नवविवाहित जोड़ा

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के कोडंबक्कम में एक मतदान केंद्र पर कतार में खड़े मतदाताओं का ध्यान किसी नेता या फिल्मी सितारे ने नहीं, बल्कि शादी के जोड़े और वरमाला में सजे एक नवविवाहित जोड़े ने खींचा, जो विवाह की रस्में निपटाने के बाद सीधे वोट डालने पहुंच गया।

दूल्हा सुनील पेशे से वकील है। उसने बताया कि दुल्हन को मंगलसूत्र पहनाने के महज 15 मिनट बाद वह उसके साथ मतदान केंद्र पर पहुंच गया।

सुनील ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “हमारे पास समय बहुत कम था, क्योंकि मेरी पत्नी कल्लकुरुची जिले की मतदाता हैं। मुझे कोडंबक्कम में अपना वोट डालने के बाद उन्हें (पत्नी) कल्लकुरुची ले जाना था, ताकि वह भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।”

सुनील के मुताबिक, चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा से पहले ही उसकी शादी की तारीख तय हो चुकी थी।

उसने कहा, “तारीखों में टकराव के बावजूद मैं और मेरी पत्नी मतदान करना चाहते थे। इसलिए हमने शादी के तुरंत बाद ही मतदान केंद्र पहुंचकर एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपना कर्तव्य निभाया।”

सुनील ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है, जिसे हर नागरिक को निभाना चाहिए।

तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच बृहस्पतिवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ।

भाषा प्रचेता पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments