scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु के राज्यपाल को अपने पद का महत्व समझना चाहिए, राजनीति नहीं करनी चाहिए: मंत्री पोनमुडी

तमिलनाडु के राज्यपाल को अपने पद का महत्व समझना चाहिए, राजनीति नहीं करनी चाहिए: मंत्री पोनमुडी

Text Size:

चेन्नई, छह जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के उच्च शिक्षा मंत्री के. पोनमुडी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्यपाल आर एन रवि को अपने पद का महत्व समझना चाहिए और राजनीति करने से परहेज करना चाहिए।

उन्होंने आग्रह किया कि रवि को उच्च शिक्षा से संबंधित किसी भी मुद्दे को मीडिया के पास जाने के बजाय सीधे उनके साथ उठाना चाहिए।

मंत्री ने के. अन्नामलाई की टिप्पणी का जिक्र करते हुए यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कई लोग कहते हैं कि राज्यपाल राजनीति कर रहे हैं। यहां तक ​​कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी ऐसा कहा है। मुझे उम्मीद है कि राज्यपाल अपने पद के महत्व को समझेंगे और उसके अनुसार कार्य करेंगे।’’

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को विल्लुपरुम में संवाददाताओं से कहा था कि राज्यपाल को राजनीति पर बात नहीं करनी चाहिए क्योंकि इससे गलत उदाहरण स्थापित होगा। उन्होंने कहा था कि राज्यपाल को संविधान द्वारा प्रदत्त अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।

पोनमुडी ने राज्यपाल पर डिग्री देने के लिए नागपट्टनम विश्वविद्यालय का दौरा करने के बजाय राजभवन में स्नातकों को डिग्री वितरित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का यह कहना अनुचित है कि राज्य सरकार ने विश्वविद्यालयों के लिए कुलपतियों के पैनल की सिफारिश करने के लिए खोज समिति नियुक्त नहीं की है।

मंत्री ने दावा किया, ‘कुलपतियों के पैनल की पहचान करने की प्रक्रिया में देरी हो रही है क्योंकि राज्यपाल खोज समिति में नामित तीन सदस्यों के अलावा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के एक प्रतिनिधि को शामिल करने पर जोर दे रहे हैं।’

भाषा

नेत्रपाल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments