scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशतमिलनाडु विधानसभा चुनाव : द्रमुक ने भाकपा को पांच सीट दीं

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : द्रमुक ने भाकपा को पांच सीट दीं

Text Size:

चेन्नई, 18 मार्च (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपने सहयोगी दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को पांच सीट आवंटित कीं।

द्रमुक ने बुधवार को एक बयान में कहा कि यहां पार्टी मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में हुई बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी पांच विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर कई दौर की बातचीत समाप्त हो गयी है।

भाकपा के प्रदेश सचिव एम. वीरपांडियन ने कहा कि टी.आर. बालू के नेतृत्व में गठित सीट-बंटवारे से जुड़ी समिति के साथ हुई बातचीत के दौरान द्रमुक ने उनसे गठबंधन में शामिल होने वाले नए दलों को देखते हुए कुछ कम सीटों पर चुनाव लड़ने का अनुरोध किया था।

भाकपा ने 2021 के विधानसभा चुनाव में छह सीट पर चुनाव लड़ा था।

वीरपांडियन ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ने के पीछे के कारणों के बारे में कहा, ‘‘उन्होंने हमसे सहयोग करने का अनुरोध किया… द्रमुक प्रमुख (एमके स्टालिन) ने भी सीटों की कुल संख्या पर हमारा सहयोग मांगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस चुनाव में भाकपा का प्राथमिक उद्देश्य भाजपा और उसके गठबंधन को हराना है। हमने उनसे (स्टालिन से) बात की और कहा कि हमें पहले से कहीं अधिक एकजुट होकर अपने विरोधियों को हराना होगा।’’

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा।

भाषा

गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments