scorecardresearch
Saturday, 16 May, 2026
होमदेशसिक्किम राज्य के 51वें स्थापना दिवस पर तमांग ने जनता को शुभकामनाएं दीं

सिक्किम राज्य के 51वें स्थापना दिवस पर तमांग ने जनता को शुभकामनाएं दीं

Text Size:

गंगटोक, 16 मई (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शनिवार को 51वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रदेश सतत विकास और सामाजिक सद्भाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से देश को प्रेरित करता रहा है।

तमांग ने कामना की कि यह अवसर राज्य के लोगों में एकता और प्रगति की भावना को और मजबूत करे।

तमांग ने सोशल मीडिया पर एक संदेश में कहा, “अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य, जीवंत परंपराओं और कंचनजंगा पर्वत की भव्य मौजूदगी से समृद्ध सिक्किम सतत विकास, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण व सामाजिक सद्भाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से देश को प्रेरित करता रहा है।”

उन्होंने कहा कि सिक्किम के भारत में विलय के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित वर्ष भर चलने वाले समारोहों ने राज्य की ‘शांति, लोकतंत्र, सांस्कृतिक गौरव और प्रगतिशील विकास की उल्लेखनीय यात्रा’ को प्रतिबिंबित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति ने समापन समारोह को अपार गौरव और महत्व प्रदान किया।

उन्होंने कहा, “इस अवसर पर आइए हम राष्ट्र और राज्य के व्यापक हित में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा मितव्ययिता उपायों के आह्वान का समर्थन करते हुए अनुशासन, एकता और जिम्मेदारी की भावना के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता दोहरायें।”

सिक्किम 1975 में भारत का 22वां राज्य बना था।

तमांग ने कहा, “सिक्किम के लोगों के लिए आने वाले वर्षों में निरंतर शांति, समृद्धि, खुशहाली और अधिक सफलता की कामना करता हूं।”

भाषा जितेंद्र अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments