scorecardresearch
Monday, 17 June, 2024
होमदेशलंदन में की गई टिप्पणी के लिए लोकसभा अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई करें : गिरिराज

लंदन में की गई टिप्पणी के लिए लोकसभा अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई करें : गिरिराज

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने लंदन में हाल ही में की गई एक टिप्पणी के लिए सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और उनके खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने का समर्थन किया।

सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अपनी ब्रिटेन यात्रा के दौरान ‘‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’’ की तरह बात की।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (राहुल ने) संसद में बहुत कुछ बोला है, लेकिन लंदन में उन्होंने कहा कि उन्हें बोलने की अनुमति नहीं दी जाती है और माइक बंद कर दिया जाता है। मुझे लगता है कि यह लोकतंत्र पर हमला है तथा लोकसभा एवं देश का अपमान है।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या गांधी के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया जाना चाहिए, सिंह ने कहा, ‘‘बिल्कुल, राजद्रोह और क्या है।’’

पिछले सप्ताह राहुल गांधी ने ब्रिटिश सांसदों से कहा था कि भारत की लोकसभा में विपक्ष के लिए माइक अकसर ‘खामोश’ करा दिए जाते हैं। राहुल ने हाउस ऑफ कॉमन्स परिसर में स्थित ग्रैंड कमेटी रूम में विपक्षी दल लेबर पार्टी के भारतीय मूल के सांसद वीरेंद्र शर्मा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह टिप्पणी की थी।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था, ‘‘हमारे माइक खराब नहीं हैं, वे काम कर रहे होते हैं, लेकिन फिर भी आप उन्हें चालू नहीं कर सकते। जब मैं बोल रहा था तो मेरे साथ कई बार ऐसा हुआ है।’’

सिंह ने गांधी की टिप्पणी को ‘‘सरासर झूठ’’ करार दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष को इसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। यह बयान देश का अपमान है। भारत को दुनिया से सम्मान मिल रहा है और वह विदेश जाकर टुकड़े-टुकड़े गैंग की तरह बोल रहे हैं।’’

कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने भी एक ट्वीट में राहुल गांधी की आलोचना की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत के एक सांसद लंदन गए और दूसरे राष्ट्रों से भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने की अपील की। हम सभी को अपने लोकतंत्र पर गर्व है और हम अपनी लोकतांत्रिक विरासत को संजोते हैं। भारतीय कभी भी विदेशी ताकतों को भारत पर शासन नहीं करने देंगे।’’

भाषा ब्रजेन्द्र शफीक प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments