scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशमोदी सरकार को 2024 में भी सत्ता में बरकरार रखने का संकल्प लें : वसुंधरा राजे

मोदी सरकार को 2024 में भी सत्ता में बरकरार रखने का संकल्प लें : वसुंधरा राजे

Text Size:

दुमका/देवघर (झारखंड), 14 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने बुधवार को लोगों से अपील की कि वे 2024 के लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी-नीत सरकार को सत्ता में बरकरार रखने का संकल्प लें।

राजे ने कहा कि पूरी दुनिया ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले नौ साल में केन्द्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को देखा है।

जनता तक पहुंचने के भाजपा के प्रयासों के तहत एक रैली को संबोधित करते हुए राजे ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की कि वे आगामी आम चुनाव में मोदी सरकार की शानदार जीत सुनिश्चित करें।

भाजपा केन्द्र की मोदी-नीत सरकार के नौ साल पूरे होने पर देशभर में जनता तक जाकर उपलब्धियां बता रही है।

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों से ‘भ्रष्ट’ झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने की भी अपील की। गौरतलब है कि राज्य में 2024 में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।

उन्होंने दावा किया, ‘‘राज्य की झामुमो-नीत हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेंकने की जरूरत है। यह भ्रष्टाचार का पर्याय बन गयी है।’’

दिन में देवघर में मीडिया को संबोधित करते हुए राजे ने कहा था कि जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा समाप्त करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाना, पैन और आधार कार्ड को जोड़ना और तमाम अन्य विकास योजनाएं मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में से हैं।

वहीं, राजे पर पलटवार करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने आरोप लगाया कि वह भ्रष्टाचार की बात कर रही हैं, जबकि उनकी पार्टी ने आम जनता की कीमत पर उद्योगपतियों के बड़े-बड़े कर्ज माफ कर दिए हैं।

भाषा सं इन्दु अर्पणा सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments