कोलकाता, 15 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल में नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव नंदीग्राम सीट से लड़ना पसंद करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कहेगी तो वह भबानीपुर सहित अन्य निर्वाचन क्षेत्रों से भी चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उम्मीदवारी पर फैसला पार्टी करेगी, लेकिन उन्होंने नंदीग्राम को अपनी पहली पसंद बताया।
शुभेंदु ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भाजपा में कोई व्यक्तिगत निर्णय नहीं होते। यह ‘पिशी-भाईपो’ (बुआ-भतीजे) पार्टी नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा में फैसले सामूहिक रूप से लिए जाते हैं। अगर पार्टी मुझे उम्मीदवार नहीं बनाती है, तो भी ठीक है; अगर वह मुझे चुनाव लड़ने के लिए कहती है, तो भी ठीक है।’’
हालांकि, जब उनसे उनकी व्यक्तिगत पसंद के बारे में पूछा गया, तो शुभेंदु ने कहा कि वह नंदीग्राम से फिर से चुनाव लड़ना चाहेंगे, जहां उन्होंने 2021 में मुख्यमंत्री को हराया था।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप मुझसे पूछेंगे तो मैं नंदीग्राम से चुनाव लड़ूंगा। लेकिन अगर भाजपा नेतृत्व मुझे कुछ और करने को कहेगा तो मैं उसका भी पालन करूंगा। नंदीग्राम मेरा राजनीतिक आधार और भावनात्मक पूंजी है।’’
मुख्यमंत्री के प्रतिनिधित्व वाले निर्वाचन क्षेत्र भबानीपुर से चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर, शुभेंदु ने दोहराया कि वह पार्टी के फैसले का पालन करेंगे।
भाषा
नेत्रपाल खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
