scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशलोकसभा से विपक्ष के आठ सांसदों का निलंबन लोकतंत्र पर हमला: स्टालिन

लोकसभा से विपक्ष के आठ सांसदों का निलंबन लोकतंत्र पर हमला: स्टालिन

Text Size:

चेन्नई, चार फरवरी (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने लोकसभा से विपक्ष के आठ सांसदों के निलंबन की कड़ी निंदा करते हुए बुधवार को सवाल उठाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा उठाए गए मुद्दों से क्यों डर रही है।

केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख स्टालिन ने निलंबन तुरंत रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर बोलने का सांसदों का लोकतांत्रिक अधिकार बहाल किया जाना चाहिए।

स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “भाजपा नीत केंद्र सरकार विपक्ष के नेता एवं मेरे भाई राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों से क्यों डर रही है?”

सरकार को संसद के प्रति जवाबदेह बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “सरकार को सदन के सदस्यों के सवालों का जवाब देने और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा आर्थिक हितों से जुड़े मामलों पर स्पष्टता देने के लिए तैयार रहना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “मैं विपक्ष के आठ सांसदों के निलंबन की कड़ी निंदा करता हूं और मांग करता हूं कि इसे तत्काल रद्द किया जाए, ताकि राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर बोलने का उनका लोकतांत्रिक अधिकार बहाल हो सके।”

मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी मंगलवार को लोकसभा में हुए भारी हंगामे के बाद आई है, जब कांग्रेस के सात और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक सांसद सहित आठ विपक्षी सदस्यों को ‘‘अशोभनीय व्यवहार’’ के आरोप में बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया।

भाषा खारी अमित

अमित

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments