नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण में अग्रणी, सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता बिंदेश्वर पाठक का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। उनके एक करीबी सहयोगी ने यह जानकारी दी।
पाठक (80) सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक थे, जो भारत स्थित एक सामाजिक सेवा संगठन है। यह संगठन शिक्षा के माध्यम से मानव अधिकारों, पर्यावरण स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और सुधारों को बढ़ावा देने के लिए काम करता है।
सहयोगी ने बताया कि पाठक ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उसके तुरंत बाद गिर गये।
उन्हें एम्स, दिल्ली ले जाया गया। अस्पताल के एक सूत्र ने कहा कि पाठक को अपराह्न 1.42 बजे मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि मौत का कारण हृदय गति का रुक जाना है।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
