तिरुवनंतपुरम, 13 मार्च (भाषा) केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन ने शुक्रवार को संकेत दिया कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को इस बात की कोई चिंता नहीं है कि पार्टी के पूर्व नेता जी. सुधाकरन अंबलप्पुझा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, क्योंकि यह वाम मोर्चा की सीट रही है। उन्होंने इस सीट से जीत पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया।
गोविंदन यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे, जो अलप्पुझा जिले की अंबलप्पुझा सीट से सुधाकरन के स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के निर्णय से संबंधित थे।
उन्होंने कहा कि सुधाकरन ने अपनी सदस्यता का नवीनीकरण न करके पार्टी खुद ही छोड़ दी और यदि वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं तो यह उनका अधिकार है और इस मामले में माकपा का कोई हस्तक्षेप नहीं है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी उन्हें मनाकर वापस अपनी ओर लाने की कोशिश करेगी, इसपर गोविंदन ने संकेत दिया कि माकपा की ओर से ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाएगा।
मौजूदा स्थिति में अंबलप्पुझा विधानसभा क्षेत्र में माकपा की संभावनाओं के बारे में राज्य सचिव ने कहा कि यह एलडीएफ की वर्तमान सीट है, जहां पार्टी को भारी जीत मिलेगी।
वह कई दशकों तक इस तटीय जिले में माकपा का प्रमुख चेहरा रहे हैं और पहले राज्य के मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं।
साफ छवि और प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाने वाले सुधाकरन ने हाल ही में कहा कि वह अपनी पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराएंगे।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि माकपा के एक वर्ग के कार्यकर्ता उन्हें सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत हमलों का शिकार बना रहे थे, जिसने उन्हें पार्टी से दूरी बनाने का निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।
भाषा सुरेश प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
