नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के लोदी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्कूल में कथित बम की धमकी वाला फर्जी ईमेल इसकी एक नाबालिग छात्रा ने ही भेजा था, ताकि विद्यालय दिन भर के लिए बंद कराया जा सके। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग छात्रा का पता 23 अक्टूबर को स्कूल को मिले धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच के बाद लगाया गया।
ईमेल के विषय में ‘‘आपकी इमारत में बम रखे गए हैं’’ लिखा था। दिल्ली के स्कूलों को हाल में बम की धमकी वाले कई ईमेल मिलने की घटनाओं के बीच पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच की और डिजिटल साक्ष्यों तथा संबंधित कड़ियों की पड़ताल की।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि कथित तौर पर ईमेल भेजने वाली छात्रा उसी स्कूल में पढ़ती है। पुलिस के अनुसार, उसका मकसद उस दिन स्कूल बंद करवाना था।
पुलिस ने कहा कि किशोर न्याय अधिनियम के लागू प्रावधानों के तहत छात्रा के खिलाफ संबंधित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भाषा पवनेश सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.