उज्जैन, 17 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कनाडा में मारे गए उज्जैन निवासी गुरकीरत मनोचा के परिजनों से मंगलवार को मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि पार्थिव शरीर भारत लाने और अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री उज्जैन स्थित पार्श्वनाथ कॉलोनी में गुरकीरत के घर पहुंचे और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस घटना को अत्यंत दुखद बताया।
सिख छात्र गुरकीरत (26) की पिछले दिनों कनाडा में छात्रों के कथित आपसी विवाद में कुछ युवकों ने हमला कर हत्या कर दी थी। गुरकीरत नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज, फोर्ट सेंट जॉन (ब्रिटिश कोलंबिया) में बिजनेस मैनेजमेंट पोस्ट-डिग्री डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, 14 मार्च को चार्ली लेक के पास कॉलेज के छात्रों के बीच विवाद के बाद उन पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। गुरकीरत करीब सवा साल पहले उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे और अविवाहित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार और प्रदेशवासी परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।
परिवार ने सरकार से सहायता के साथ गुरकीरत के पार्थिव शरीर को भारत लाकर अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई है। वहीं, कनाडा पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों का पता चल सकेगा।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
