नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के शिक्षक संघ और छात्रसंघ ने विश्वविद्यालय की कुलपति शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित के खिलाफ संयुक्त रूप से ‘जन सुनवाई’ आयोजित करने की घोषणा की है। यह प्रक्रिया सोमवार से विश्वविद्यालय परिसर में साबरमती लॉन पर शुरू होगी।
यह कदम हाल ही में जेएनयू छात्रसंघ (जेएनयूएसयू) द्वारा कराए गए छात्र जनमत संग्रह के बाद उठाया गया है। इसमें मतदान करने वाले अधिकतर छात्रों ने कुलपति से इस्तीफे की मांग का समर्थन किया था।
जेएनयू छात्रसंघ और जेएनयू शिक्षक संघ (जेएनयूटीए) सोमवार और बुधवार को क्रमशः कुलपति के खिलाफ अपना-अपना ‘आरोप-पत्र’ पेश करेंगे।
जेएनयूटीए ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि ये ‘आरोप-पत्र’ विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सार्वजनिक हस्तियों के एक पैनल के सामने प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही लिखित दस्तावेजों के अलावा मौखिक प्रस्तुति भी दी जाएगी, जिसमें सभी संबंधित दस्तावेज शामिल होंगे।
छात्रसंघ के अनुसार, करीब 2,400 छात्रों ने जनमत संग्रह में मतदान किया, जिनमें से 90 प्रतिशत से अधिक ने कुलपति के इस्तीफे के पक्ष में वोट दिया। हालांकि छात्रों और शिक्षकों के एक वर्ग का कहना है कि विश्वविद्यालय में 9,000 से अधिक पात्र मतदाता हैं और उनमें से अधिकांश ने इस प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया।
विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रसंघ के बीच पिछले कुछ समय से कई मुद्दों को लेकर टकराव चल रहा है। फरवरी की शुरुआत से ही विश्वविद्यालय परिसर में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। यह विरोध उस समय शुरू हुआ जब विश्वविद्यालय ने जेएनयू छात्रसंघ के चार पदाधिकारियों और पूर्व अध्यक्ष नीतीश कुमार को दो सेमेस्टर के लिए निलंबित कर दिया था।
भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
