scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशकश्मीर में स्मार्ट सिटी बस सेवा के विस्तार के खिलाफ हड़ताल; यात्री परेशान

कश्मीर में स्मार्ट सिटी बस सेवा के विस्तार के खिलाफ हड़ताल; यात्री परेशान

Text Size:

श्रीनगर, 20 अप्रैल (भाषा) स्मार्ट सिटी बस सेवाओं का दूसरे जिलों तक विस्तार करने से जुड़े सरकारी प्रस्ताव के खिलाफ सोमवार को कश्मीर घाटी में निजी बस और अंतर-जिला टैक्सी की हड़ताल के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

‘ऑल जम्मू एंड कश्मीर ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन’ ने शनिवार को पूरी घाटी में ‘चक्का जाम’ का आह्वान किया था। वाहन मालिकों और चालकों को डर है कि सरकार के इस कदम से उनकी आजीविका प्रभावित हो सकती है।

कुपवाड़ा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे एक यात्री इम्तियाज मलिक ने कहा, ‘इस चक्का जाम के कारण हमें बहुत दिक्कत हुई हैं। मैं श्रीनगर में काम करता हूं और मुझे घर जाना है, लेकिन कोई बस या कैब उपलब्ध नहीं है। मेरे जैसे कई लोग एक घंटे से ज्यादा समय से इंतजार कर रहे हैं।’

उन्होंने सरकार से जनता के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की।

अधिकारियों ने बताया कि घाटी में कई निजी बस, मिनी-बस और अंतर-जिला टैक्सी का संचालन बंद रहा। हालांकि, ऑटो-रिक्शा और सरकारी बसों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।

ट्रांसपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शब्बीर अहमद मट्टा ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से स्मार्ट सिटी बस सेवाओं के प्रस्तावित विस्तार को रोकने का आग्रह किया।

मट्टा ने कहा, ‘ अन्य जिलों में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बस सेवाओं के विस्तार के खिलाफ यह चक्का जाम किया गया है। हाल ही में परिवहन मंत्री ने कहा था कि 200 और बसें लाई जाएंगी। हम इसके खिलाफ हैं और इसकी निंदा करते हैं।’

उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी सरकार को अपनी चिंताओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अधिकारियों ने उस पर ध्यान नहीं दिया।

भाषा सुमित जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments