रायपुर 18 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में जबरन मैला ढुलवाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को यहां के प्रतिष्ठित रामकृष्ण केयर अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन लोगों की मौत की घटना के बाद यह निर्देश दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने बुधवार को हाथ से मैला ढोने संबंधी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में एक समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में साय ने कहा कि राज्य में जबरन मैला ढुलवाने का कार्य करवाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने सीवरेज सफाई के संबध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश भी दिए।
राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका इलाके में स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल में मंगलवार शाम सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूरों की मौत हो गई थी।
रायपुर क्षेत्र के पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रामकृष्ण केयर अस्पताल के संचालक डॉक्टर संदीप दवे ने बताया कि अस्पताल ने जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजन को 30-30 लाख रूपये की सहायता, परिवार के बच्चों की पढ़ाई के लिए 20-20 हजार रूपये प्रतिमाह और परिवार के लिए आजीवन नि:शुल्क स्वास्थ्य कार्ड देने की घोषणा की है।
भाषा संजीव जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
