जयपुर, 12 मार्च (भाषा) राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने बृहस्पतिवार को राज्य की साइबर अपराध शाखाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए संचार तंत्र को और मजबूत किया जाए।
बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की गई।
शर्मा ने कहा कि मौजूदा ढांचे को भारतीय साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के मॉडल पर अधिक सक्रिय तथा प्रभावी ढंग से संचालित किया जाना चाहिए।
पिछले वर्ष के जागरुकता अभियानों की समीक्षा करते हुए शर्मा ने तकनीक के बेहतर उपयोग से साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर जोर दिया।
उन्होंने जनता को साइबर खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए द्विमासिक अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में डीजी (कानून एवं व्यवस्था) संजय अग्रवाल, एडीजी वी.के. सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप और विकास शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भाषा बाकोलिया खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
