तिरुवरुर (तमिलनाडु), 20 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने मंगलवार को कहा कि वह 23 जून को पटना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बुलाई गई गैर भाजपा दलों की बैठक में शामिल होंगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विरोध करने वाले दलों के हाथ मजबूत करेंगे।
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की उपस्थिति में पूर्व मुख्यमंत्री और द्रविड़ नेता एम करुणानिधि की जन्म शताब्दी समारोह के तहत बनाए गए कलैगनार कोट्टम का उद्घाटन करने के बाद स्टालिन ने कहा कि वह ‘कलैगनार’ के रूप में (जैसा कि करुणानिधि को उनके समर्थक प्यार से संबोधित करते थे) भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए बैठक में भाग लेंगे।
नीतीश अस्वस्थ होने के कारण आज के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। स्टालिन ने कहा, ‘‘हालांकि, उन्होंने (नीतीश) आज मुझे फोन किया और खेद व्यक्त किया कि वह कलैगनार कोट्टम के उद्घाटन में भाग नहीं ले सके। उनका संदेश यहां पढ़ा गया।’’
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव एक विशेष उड़ान से तिरुचिरापल्ली पहुंचे और फिर हेलीकॉप्टर से तिरुवरूर पहुंचे। युवा कल्याण और खेल विकास मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने उनका स्वागत किया।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
