चेन्नई एक मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन मंगलवार को 69 साल के हो गये और इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला समेत अन्य लोगों ने द्रमुक अध्यक्ष को जन्मदिन की बधाई दी ।
कोविंद ने फोन पर बात कर स्टालिन को शुभकामनाएं दीं। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन की कामना करने के अलावा तमिलनाडु की प्रगति के लिए काम करते रहने का आग्रह किया।
मोदी ने फोन पर बात करने के साथ ही ट्विटर पर भी स्टालिन को जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन जी को जन्मदिन की बधाई । मैं उनकी दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन के लिये कामना करता हूं ।’’
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मोदी ने फोन पर भी स्टालिन से बातचीत की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि वह चाहते हैं कि स्टालिन तमिलनाडु के विकास के लिए काम करते रहें । बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने मोदी से कहा कि वह उनके सहयोग से ऐसा करते रहेंगे ।
तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि ने भी स्टालिन को फोन पर जन्मदिन की बधाई देने के साथ ही उनके लिये फूलों का एक गुलदस्ता भी भिजवाया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी फोन कर स्टालिन को बधाई दी। उन्होंने स्टालिन के “युवा अंदाज” पर खुशी व्यक्त की और उनके अच्छे स्वास्थ्य के साथ लंबे जीवन की कामना की।
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट किया, ‘‘मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को जन्मदिन की हार्दिक बधाई । वह दीर्घायु हों तथा तमिलनाडु के लोगों एवं देश की सेवा करते रहें ।’’
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी । उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैने कॉमरेड एम के स्टालिन से मुलाकात कर उनको बधाई दी जो आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं ।
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन और प्रदेश के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी स्टालिन को जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेता रजनीकांत एवं कमल हासन ने भी मुख्यमंत्री को बधाई दी ।
इससे पहले स्टालिन ने दिवंगत द्रविड दिग्गजों- ई वी रामासामी, सी एन अन्नादुरई और अपने पिता एम करूणानिधि को पुष्पांजलि अर्पित की ।
विभिन्न नेताओं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके जन्मदिन के मौके पर उन्हें बधाई दी । स्टालिन पिछले साल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने स्टालिन की आत्मकथा ‘अंगालिल ओरूवान’ का सोमवार को विमोचन किया था ।
भाषा
प्रशांत उमा
उमा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
