लखनऊ, नौ जुलाई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का शनिवार सुबह गुरुग्राम में निधन हो गया।
सपा के सूत्रों ने लखनऊ में बताया कि साधना गुप्ता (62) पिछले तीन महीनों से फेफड़ों के संक्रमण और अन्य बीमारियों से पीड़ित थीं जिन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने आज सुबह अंतिम सांस ली।
सपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शनिवार को ट्वीट किया गया, ‘समाजवादी पार्टी के संरक्षक आदरणीय नेताजी (मुलायम सिंह यादव) की पत्नी श्रीमती साधना यादव जी का निधन, अत्यंत दुखद। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।’
बाद में, पार्टी के इस ट्वीट को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी री-ट्वीट किया।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि मुलायम सिंह यादव अपनी पत्नी के निधन के समय दिल्ली में थे और पार्थिव शरीर को लखनऊ लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव व्यवस्था की देखरेख कर रहे हैं और अंतिम संस्कार का कार्यक्रम जल्द ही तय किया जाएगा।
साधना गुप्ता के निधन की खबर मिलते ही पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मुलायम सिंह यादव के घर पहुंचने लगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रकट करते हुए ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना जी का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।’
योगी ने कहा, ‘प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’
सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने यादव के आवास भी जा सकते हैं।
मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा बिष्ट यादव ने ट्वीट के जरिए कहा, ‘नि:शब्द हूं मैं। मेरी पूज्य सासू मां का निधन हो गया।ॐ शांति!’
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी ट्वीट के जरिए शोक व्यक्त किया और ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मुलायम सिंह यादव और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी, विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और राष्ट्रीय लोकदल के प्रवक्ता अनिल दुबे ने भी साधना गुप्ता के निधन पर शोक प्रकट किया है।
साधना गुप्ता सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी थीं। यादव की पहली पत्नी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मां मालती देवी का 2003 में निधन हो गया था।
भाषा आनन्द नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
