scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमदेशसौरव दास ने ब्रिटेन जाने से रोके जाने के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया

सौरव दास ने ब्रिटेन जाने से रोके जाने के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 नवंबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक सौरव दास ने उन्हें ब्रिटेन जाने से रोके जाने के बाद बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया।

दास को इंग्लैंड स्थित ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम में ‘कॉकरोच आंदोलन’ पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया था।

याचिका का तत्काल सुनवाई के लिए बुधवार को उल्लेख किया गया।

कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने कहा कि मामले को बृहस्पतिवार के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा।

दास ने आरोप लगाया है कि उन्हें लंदन जाने वाले विमान में सवार होना था लेकिन उससे पहले ही उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे पर आव्रजन काउंटर पर रोक दिया गया था।

दास के वकील ने उनकी ओर से कहा, ‘‘मुझे आव्रजन जांच के दौरान रोक दिया गया। मुझे कोई आदेश नहीं दिखाया गया। न तो कोई लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) था और न ही किसी प्राधिकारी ने मेरी यात्रा पर रोक लगायी थी। मैं नयी याचिका को आज ही सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का अनुरोध कर रहा हूं। मैं अब भी 27 नवंबर को ब्रिटेन पहुंच सकता हूं, जहां मेरे लिए इंतजाम किए गए हैं।’’

वकील ने कहा कि विमान बृहस्पतिवार को रवाना होगा। इस पर पीठ ने कहा, ‘‘इस पर कल (सुनवाई) होने दीजिए।’’

दास ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट कर लंदन जाने वाले देर रात एक बजे के विमान में सवार होने से उन्हें रोके जाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की थी।

दास ने कहा, ‘‘इस कायर मोदी सरकार ने मुझे ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में व्याख्यान देने के लिए लंदन जाने से दिल्ली हवाई अड्डे पर रोक दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस कायर सरकार ने मुझे लंदन जाने वाली उड़ान में सवार नहीं होने दिया। मुझे ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, एलएसई (लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स) और एडिनबरा जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में कॉकरोच आंदोलन पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों के आयोजन में जी-जान लगा दी थी, लेकिन यह बौद्धिकता विरोधी सरकार मेरे इन प्रतिष्ठित संस्थानों में जाने से डर गई।’’

दास ने कहा कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के छात्र संघ ने उन्हें एक परिचर्चा में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘इसीलिए मैं लंदन जा रहा था, लेकिन जैसे ही मैं आव्रजन जांच के लिए पहुंचा, मुझे पता चला कि मेरे पासपोर्ट को चिह्नित किया गया है।’’

दास ने कहा, ‘‘सरकार इस बात से इतनी क्यों डरती है कि एक शिक्षित युवा शिक्षित लोगों के बीच जाकर बौद्धिक चर्चा करे? काश मैं नीरव मोदी होता। काश मैं विजय माल्या होता। काश मैंने बैंकों से हजारों करोड़ रुपये लूटे होते…।’’

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments