नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में सोमवार को ताजा बर्फबारी हुई, जिससे दोनों राज्यों में कई वाहन फंस गए। दोनों राज्यों के मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा जैसे अन्य उत्तरी राज्यों में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार की बारिश के बाद वायु गुणवत्ता सुधरकर ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गई।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के ऊंचाई वाले अधिकतर इलाकों में मध्यम से भारी हिमपात हुआ, जबकि मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई, जिससे कुछ क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही बाधित हुई।
उन्होंने बताया कि सिंथन टॉप पर भारी बर्फबारी के बाद कई वाहन फंस गए, जिसके बाद पुलिस और सेना ने रविवार रात को बचाव अभियान चलाकर 214 फंसे हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को निकाला।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में गुलमर्ग, मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में दूधपथरी और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग जैसे पर्यटक स्थलों पर मध्यम हिमपात हुआ।
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में मुगल रोड पर स्थित पीर की गली, जोजिला क्षेत्र, उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में गुरेज, उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में साधना टॉप और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग को जम्मू क्षेत्र के किश्तवार से जोड़ने वाले सिंथन टॉप सहित ऊंचे इलाकों में भारी हिमपात हुआ।
जोजिला दर्रे पर बर्फ जमा होने के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन भी रोक दिया गया है।
श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में सोमवार सुबह तक रुक-रुककर बारिश होती रही।
हिमाचल प्रदेश में भी सोमवार को एक बार फिर बर्फबारी हुई, जबकि बिजली और ओलावृष्टि के साथ आए भीषण तूफान ने राज्य की राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों को प्रभावित किया।
मनाली के बाहरी इलाकों में लगातार दूसरे दिन भी बर्फबारी जारी रहने के कारण, पुलिस ने रविवार रात से रोहतांग स्थित अटल सुरंग के पास फंसे 1,000 से अधिक वाहनों को मनाली पहुंचाया।
सड़कों पर बर्फ जमने के कारण कई जगहों पर वाहन फंस गए, जिससे पर्यटकों को परेशानी हुई।
सोमवार की सुबह कांगड़ा जिले की धौलाधार पर्वत श्रृंखला बर्फ की पतली चादर से ढकी हुई थी। चंबा जिले के डलहौजी में भी बर्फबारी देखी गई।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में सोमवार सुबह तक हल्की बारिश और गरज के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 11.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
पंजाब के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
पंजाब के पठानकोट और रूपनगर में क्रमशः 14 मिमी और 9.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। होशियारपुर और अमृतसर में भी बारिश हुई।
राष्ट्रीय राजधानी में एक दिन पहले हुई बारिश के बाद सोमवार को वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई इलाकों में रविवार को बारिश हुई थी।
बारिश के बाद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ और एक्यूआई 97 दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मिध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
