scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशकश्मीर में लगातार दूसरे दिन हिमपात और बारिश जारी

कश्मीर में लगातार दूसरे दिन हिमपात और बारिश जारी

Text Size:

श्रीनगर, 11 मार्च (भाषा) कश्मीर के उंचाई वाले इलाकों में बुधवार को दूसरे दिन भी हिमपात और घाटी के मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश जारी रही। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि केरन, माछिल (कुपवाड़ा जिला), बांदीपोरा जिले का गुरेज और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग-जोजिला क्षेत्र सहित उंचाई वाले कई इलाकों में हिमपात हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश जारी है।

मंगलवार से शुरू हुए हिमपात और बारिश ने केंद्र शासित प्रदेश में लंबे समय से जारी सूखे को समाप्त कर दिया। यहां इस साल लगातार सातवीं बार शीतकालीन वर्षा में कमी दर्ज की गई।

इस मौसम की मुख्य शीत ऋतु (दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक) में सामान्य से 65 प्रतिशत की कमी हुई और क्षेत्र में सामान्य 284.9 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 100.6 मिमी. वर्षा हुई।

दिसंबर में सामान्य 59.4 मिमी. के मुकाबले 78 प्रतिशत कम वर्षा हुई और वास्तविक वर्षा केवल 13 मिमी. दर्ज की गई।

जनवरी में सामान्य 95.1 मिमी. के मुकाबले 23 प्रतिशत कम होकर वास्तविक वर्षा 73.4 मिमी दर्ज की गई

इस बीच, यहां के मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में आमतौर पर बादल छाए रहने और ऊंचाई वाले इलाकों में छिटपुट स्थानों पर मध्यम बारिश या हिमपात होने का पूर्वानुमान लगाया है।

इसमें कहा गया है कि कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गांदरबल और अनंतनाग के उंचाई वाले कुछ इलाकों में मध्यम हिमपात हो सकता है।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments