चंडीगढ़, 20 जनवरी (भाषा) पंजाब और हरियाणा में शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से हल्की राहत मिली।
दोनों राज्यों में पिछले तीन सप्ताह से जबरदस्त शीतलहर चल रही है।
मौसम कार्यालय के मुताबिक, चंडीगढ़ में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, हरियाणा के हिसार में पारा 9.1 डिग्री, जबकि अंबाला में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसी तरह, सिरसा में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री, करनाल में 9.7 डिग्री, कुरुक्षेत्र में 10.3 डिग्री और रोहतक में 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
हालांकि, नारनौल में ठंड का प्रकोप जारी रहा और वहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम कार्यालय के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, लुधियाना में 10 डिग्री, पटियाला में 8.6 डिग्री, पठानकोट में 10.5 डिग्री, फरीदकोट में 9.5 डिग्री और मोहाली में 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
दूसरी ओर, बठिंडा में बृहस्पतिवार की रात ठंडी रही और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाषा पारुल पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
