कोलकाता, 13 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में कूचबिहार जिले के माथाभंगा इलाके में सोमवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच पिछली रात हुई झड़पों के बाद केंद्रीय बलों और पुलिस के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया।
माथाभंगा में चुनाव प्रचार के दौरान जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार निशीथ प्रमाणिक चुनाव प्रचार कर रहे थे, तब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमलों का आरोप लगाया।
इस निर्वाचन क्षेत्र में 23 अप्रैल को चुनाव होंगे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम को माथाभंगा नगरपालिका के वार्ड नंबर पांच में उस समय तनाव बढ़ गया, जब भाजपा उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक की रैली की गाड़ी पर कथित तौर पर हमला हुआ।
तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि झड़प के दौरान स्थानीय पार्षद चंद्रशेखर राय बसुनिया पर हमला किया गया और उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
तृणमूल ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने इलाके में उसके अस्थायी पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की।
हालांकि, झड़पों के लिए तृणमूल को दोषी ठहराते हुए, स्थानीय भाजपा नेताओं ने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल से जुड़े उपद्रवियों ने प्रमाणिक की रैली के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया, जिससे इलाके में छिटपुट हिंसा हुई।
हालांकि, सत्ताधारी पार्टी ने इस आरोप का खंडन किया और भाजपा समर्थकों पर अशांति भड़काने का आरोप लगाया।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.