चेन्नई, एक फरवरी (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक ने रविवार को आरोप लगाया कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट में राज्य को एक बार फिर कुछ नहीं दिया है।
द्रमुक ने बजट को ‘‘दिशाहीन’’ करार दिया है।
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए द्रमुक प्रवक्ता के. रविंद्रन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और वहां के लोगों की उम्मीदें अलग हैं, लेकिन जब हम पूरे बजट को देखते हैं तो उसमें लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) समेत किसी भी क्षेत्र के लिए कुछ भी नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘बजट का कोई उद्देश्य या लक्ष्य नहीं है और संक्षेप में कहें तो यह दिशाहीन है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि बजट ने देश की जनता के बीच समग्र चिंता पैदा कर दी है, लेकिन इससे यह भी स्पष्ट रूप से पता चलता है कि तमिलनाडु में चुनाव प्रस्तावित होने के बावजूद केंद्र सरकार ने दक्षिणी राज्य पर जरा भी ध्यान नहीं दिया है।
द्रमुक प्रवक्ता ने कहा कि यहां तक कि विशेषज्ञ भी बजट में कुछ ठोस नहीं देख पा रहे हैं और शेयर बाजार धराशायी हो गया है।
भाषा शफीक नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
