scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशसिक्किम-नेपाल-भूटान-तिब्बत क्षेत्र में नौ फरवरी से अब तक 57 भूकंप आये: अधिकारी

सिक्किम-नेपाल-भूटान-तिब्बत क्षेत्र में नौ फरवरी से अब तक 57 भूकंप आये: अधिकारी

Text Size:

गंगटोक, 27 फरवरी (भाषा) सिक्किम-नेपाल-भूटान-तिब्बत क्षेत्र में नौ फरवरी से 57 भूकंप दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 41 के केंद्र सिक्किम में थे। एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

भूमि राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य राहत आयुक्त रिनजिंग चेवांग भूटियाम ने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि हिमालयी क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधि आम है।

उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान दर्ज किया गया सबसे शक्तिशाली भूकंप बृहस्पतिवार को ग्यालशिंग में 4.6 तीव्रता का था।

उन्होंने कहा कि राज्य भर में हल्के झटके महसूस किए गए हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं आमतौर पर चिंता का कोई बड़ा कारण नहीं होती हैं।

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को इस हिमालयी राज्य में 4.6 और 3.5 तीव्रता के दो भूकंप आए।

राज्य राहत आयुक्त के अनुसार पहला भूकंप पूर्वाह्न 11:24 बजे राज्य में आया जिसकी तीव्रता 4.6 थी।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र ग्यालशिंग जिले में युक्सोम के उत्तर पूर्व में चार किलोमीटर (किमी) दूर 10 किलोमीटर की गहराई पर था।

दूसरा भूकंप अपराह्न 12:17 बजे मंगन जिले में आया जिसकी तीव्रता 3.5 थी। इसका केंद्र गंगटोक से 11 किमी उत्तर-पश्चिम में 10 किमी की गहराई पर था।

भाषा राजकुमार पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments