(फोटो सहित)
बेंगलुरु, 23 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने पोलैंड को राज्य के वैश्विक निवेशक सम्मेलन 2027 में साझेदार देश के रूप में भाग लेने के लिए शुक्रवार को आमंत्रित किया और टीजेडएमओ समूह के 80 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का भी स्वागत किया।
इससे पहले, शिवकुमार ने पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात की और उनका अभिनंदन किया।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और पोलैंड के प्रतिनिधिमंडल का प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्यमिता के वैश्विक केंद्र कर्नाटक के बेंगलुरु में स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है।’’
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, टस्क और शिवकुमार ने भारत-पोलैंड व्यापार मंच से इतर मुलाकात की और निवेश, कारोबार तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अवसरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बयान के अनुसार, वैश्विक निवेशक सम्मेलन 2027 में कर्नाटक के साथ साझेदार बनने के लिए पोलैंड को आमंत्रित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि राज्य निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करना चाहता है। इसके लिए बेंगलुरु के प्रौद्योगिकी तंत्र और उन्नत विनिर्माण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में पोलैंड की विशेषज्ञता का लाभ उठाया जाएगा।
बयान के अनुसार, शिवकुमार ने कोलार जिले के केआईएडीबी वेमगल औद्योगिक क्षेत्र में पांच एकड़ भूखंड पर पोलैंड के टीजेडएमओ समूह के करीब 80 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का स्वागत किया। इस परियोजना से रोजगार के लगभग 1,000 अवसर पैदा होने और भारत में पहली बार ‘स्मार्ट एडल्ट इनकॉन्टिनेंस पैड’ (वयस्कों के लिए इस्तेमाल होने वाले पैड) का निर्माण शुरू होने की संभावना है।
टस्क ने इस बात पर जोर दिया कि कर्नाटक, पोलैंड और भारत के बीच निवेश के लिए एक प्रवेश द्वार बन सकता है।
उन्होंने एयरोस्पेस, रक्षा और उन्नत विनिर्माण में रुचि जताई और कहा कि कर्नाटक और पोलैंड निवेश बढ़ाने के लिए इन खास क्षेत्रों में मिलकर काम कर सकते हैं।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कर्नाटक की तरह पोलैंड में भी अपेक्षाकृत युवा कार्यबल है, और कर्नाटक तथा पोलैंड के बीच सहयोग दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद होगा।
टस्क बृहस्पतिवार रात अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ नयी दिल्ली से बेंगलुरु पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ विभिन्न मुद्दों पर व्यापक बातचीत की थी।
पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में टस्क की यह दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.