मुंबई, 29 जनवरी (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम मुंबई के जोगेश्वरी में एक आलीशान होटल के निर्माण में कथित अनियमितताओं के संबंध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) विधायक रवींद्र वायकर से सोमवार को नौ घंटे तक पूछताछ की।
एक अधिकारी ने बताया कि वायकर दोपहर को दक्षिण मुंबई में केंद्रीय एजेंसी के कार्यालय पहुंचे और रात नौ बजे कार्यालय से निकले।
उन्होंने जांच एजेंसी के कार्यालय से निकलते हुए पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने ईडी अधिकारियों के साथ सहयोग किया है और भविष्य में भी करूंगा। अगर बुलाया जाता है तो मैं दोबारा आऊंगा। मैंने कुछ गलत नहीं किया है।’’
ईडी की धनशोधन की जांच मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा की एक प्राथमिकी से उपजी है जिसमें आरोप लगाया था कि वायकर ने एक उद्यान के लिए आरक्षित नगर निगम के एक प्लॉट पर पांच सितारा होटल के निर्माण के लिए गैरकानूनी तरीके से अनुमति हासिल की।
प्राथमिकी के अनुसार, इससे बृहन्मुंबई महानगरपालिका को भारी नुकसान हुआ।
भाषा गोला अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
