scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशदिल्ली के मेयर का चुनाव समयबद्ध तरीके से कराने के अनुरोध के साथ अदालत पहुंचीं शैली ओबेरॉय

दिल्ली के मेयर का चुनाव समयबद्ध तरीके से कराने के अनुरोध के साथ अदालत पहुंचीं शैली ओबेरॉय

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 जनवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) की मेयर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ने मेयर का चुनाव समयबद्ध तरीके से कराने के अनुरोध को लेकर बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय का रुख किया। यह जानकारी पार्टी पदाधिकारियों ने दी।

इस महीने मंगलवार को दूसरी बार दिल्ली के मेयर का चुनाव बाधित हो गया क्योंकि कुछ पार्षदों के हंगामे के बाद उपराज्यपाल द्वारा नियुक्त पीठासीन अधिकारी ने सदन को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया।

आप नेताओं ने कहा कि ओबेरॉय ने बृहस्पतिवार को अदालत का रुख किया और मामले की सुनवाई शुक्रवार को होने की संभावना है।

इससे पहले, आप ने भाजपा पर सदन में हंगामे की पूर्व योजना बनाने का आरोप लगाया था और दावा किया था कि भाजपा पार्षद तख्तियों के साथ सदन के बीचोंबीच पहुंच गए थे।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नवनिर्वाचित सदन की पहली बैठक भी छह जनवरी को आप और भाजपा सदस्यों के हंगामे के बीच स्थगित कर दी गई थी।

पिछले साल दिसंबर में हुए एमसीडी चुनाव में आप ने 250 वार्डों में से 134 पर जीत दर्ज की थी। भाजपा 104 वार्ड जीतने में सफल रही थी।

भाषा अमित माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments