नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) ‘हिप्स डोंट लाई’, ‘व्हेनेवर व्हेरेवर’ और ‘वाका वाका जैसे गानों से दुनिया भर में धूम मचाने वाली वैश्विक पॉप आइकन शकीरा इस वर्ष अप्रैल में ‘फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट 2026’ के लिए दिल्ली और मुंबई में प्रस्तुति देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
आयोजकों ने एक विज्ञप्ति में बताया कि वह 10 अप्रैल को मुंबई तथा 15 अप्रैल को दिल्ली में अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।
‘फीडिंग इंडिया’ नामक गैर-लाभकारी संस्था और ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ मिलकर ‘फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट 2026’ के तीसरे संस्करण का आयोजन कर रहे हैं। यह कार्यक्रम एचएसबीसी इंडिया द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि टिकटों की बिक्री ‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ के माध्यम से की गई है।
शकीरा की प्रस्तुति का उद्देश्य भूख और कुपोषण के मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर संवाद को बढ़ावा देना है।
कई ग्रैमी पुरस्कार जीत चुकी शकीरा ने एक बयान में कहा, “भारत में प्रस्तुति देना मेरे लिए हमेशा खास रहा है और मैं मुंबई तथा दिल्ली के अपने प्रशंसकों से जुड़ने को लेकर उत्साहित हूं। ‘फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट’ केवल संगीत कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह इस बात के लिए साथ खड़े होने का संदेश है कि हर बच्चे को आगे बढ़ने के लिए जरूरी पोषण मिल सके।”
‘डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल गंजू ने कहा, “फीडिंग इंडिया कॉन्सर्ट के लिए यह बहुत खास पल है। शकीरा जैसी दुनियाभर में मशहूर कलाकार को दो शहरों में लाना दिखाता है कि हम प्रभाव बढ़ाने के साथ-साथ बेहतरीन मनोरंजन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
उन्होंने कहा, “संगीत में लोगों को जोड़ने की अनोखी ताकत होती है और हम उसी ताकत का इस्तेमाल ऐसे जरूरी मुद्दों पर संवाद को बढ़ावा देने के लिए कर रहे हैं, जो लोगों की जिंदगी बदल सकते हैं।”
भाषा खारी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
