तिरुवनंतपुरम, 10 दिसंबर (भाषा) प्रख्यात फिल्म निर्माता शाजी एन करुण को मलयालम सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान को मान्यता देते हुए 2023 के जे सी डेनियल पुरस्कार के लिए चुना गया है।
यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
राज्य सरकार द्वारा स्थापित मलयालम सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान ‘जे सी डेनियल पुरस्कार’ में 5 लाख रुपये नकद, एक प्रशस्ति पत्र और एक प्रतिमा शामिल है।
निर्णायक मंडल ने कहा कि शाजी एन करुण को मलयालम सिनेमा में उनके योगदान के लिए पुरस्कार के लिए चुना गया था, जिसने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मलयालम के लिए एक पहचान बनाई।
इस निर्णायक मंडल के अध्यक्ष टी वी चंद्रन हैं जो जे सी डेनियल पुरस्कार से सम्मानित किए जा चुके हैं।
निर्णायक मंडल के अन्य सदस्य गायिका के एस चित्रा, अभिनेता विजयराघवन और राज्य चलचित्र अकादमी के सचिव सी अजय हैं।
निर्णायक मंडल ने कहा कि करुण नई लहर के मलयालम सिनेमा में रचनात्मक ऊर्जा डालने में सक्षम हैं। उनकी पहली फिल्म ‘पिरवी’ (1988) लगभग 70 अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में दिखाई गई, जबकि उनकी दूसरी फिल्म ‘स्वाहम’ (1994) को कान फिल्म महोत्सवमें पाल्मे डी’ओर के लिए नामांकित किया गया था। उनकी ‘वानप्रस्थम’ (1999) भी कान महोत्सव में दिखाई गई थी।
करुण की फिल्मों ने सात राष्ट्रीय पुरस्कार और इतने ही केरल राज्य पुरस्कार जीते हैं। उनकी ‘कुट्टी स्रंक’ ने 2010 में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीता।
पद्म श्री और फ्रांसीसी सम्मान ‘‘ऑर्डर ऑफ आर्ट्स एंड लेटर्स’’ से सम्मानित, करुण केरल राज्य चलचित्र अकादमी के प्रमुख अध्यक्ष रह चुके हैं। वह वर्तमान में केरल राज्य फिल्म विकास निगम (केएसएफडीसी) के अध्यक्ष हैं।
भाषा
मनीषा माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.