scorecardresearch
Thursday, 5 November, 2026
होमदेशदेहरादून में उत्तराखंड स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे शाह, तैयारियां पूरी: जिला प्रशासन

देहरादून में उत्तराखंड स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे शाह, तैयारियां पूरी: जिला प्रशासन

Text Size:

देहरादून, पांच नवंबर (भाषा) उत्तराखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में छह नवंबर को देहरादून में होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देहरादून जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

प्रशासन के मुताबिक शाह दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

प्रशासन के अनुसार, पूरे कार्यक्रम स्थल को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है। व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और अधिकारियों की तैनाती भी इसी के अनुसार की गई है।

सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

जॉली ग्रांट हवाई अड्डे, परेड ग्राउंड में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड और रिजर्व पुलिस लाइन में अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जिला प्रशासन ने केंद्रीय मंत्री के आवागमन के दौरान कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं। साथ ही, कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों और आम लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव शाह ने बृहस्पतिवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में जोनल अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों और अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के साथ बैठक की।

सीडीओ ने तैयारियों की समीक्षा की और सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने तय ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचें और पूरी जिम्मेदारी तथा आपसी तालमेल के साथ अपना काम करें।

उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने जिम्मेदारी वाले स्थानों का तुरंत निरीक्षण करने और वहां मौजूद व्यवस्थाओं तथा जरूरतों का जायजा लेने के निर्देश भी दिए।

अधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफल तरीके से संपन्न कराना है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बृहस्पतिवार दोपहर तैयारियों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

धामी ने कहा, ‘‘कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना चाहिए।’’ उन्होंने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को बेवजह परेशानी न हो।

भाषा जोहेब धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments