अगरतला, 27 फरवरी (भाषा) त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए दो मार्च को होने वाली मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण रहे इसके लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अमिताभ रंजन तैयारियों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव, डीजीपी और मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) सहित शीर्ष अधिकारियों ने सभी जिलों का दौरा किया है तथा पुलिस प्रमुखों के साथ बैठकें कर उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति का जायजा लेने के निर्देश जारी किए हैं।
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राज्य भर में गश्त तेज कर दी गई है, नाके स्थापित किए गए हैं और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), राज्य पुलिस तथा त्रिपुरा राज्य राइफल्स (टीएसआर) के कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
सीएपीएफ सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के समन्वय से राज्य में, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित रूप से फ्लैग मार्च कर रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि होटल और वाहनों की औचक जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों से मतगणना प्रक्रिया के दौरान और बाद में शांति और सद्भाव बनाए रखने का अनुरोध किया गया है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
