scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशबिहार विधानमंडल और विधायकों के आवासों की सुरक्षा मजबूत की जाए : विधानसभाध्यक्ष

बिहार विधानमंडल और विधायकों के आवासों की सुरक्षा मजबूत की जाए : विधानसभाध्यक्ष

Text Size:

पटना, 14 मार्च (भाषा) बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने शनिवार को अधिकारियों को विधानमंडल परिसर और विधायकों के आवासीय परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और उसे मजबूत करने का निर्देश दिया।

यह निर्देश राज्य विधानसभा को ईमेल के माध्यम से मिली फर्जी बम धमकी के एक दिन बाद आया है।

अध्यक्ष ने विधानमंडल परिसर स्थित अपने कार्यालय में पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

बिहार विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, कुमार ने जिला प्रशासन को विधानसभा परिसर में प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों के पहचान पत्रों का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधान मार्शल द्वारा विशेष रूप से अनुमति दिए जाने तक, बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।’’

विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि विधानमंडल परिसर और प्रवेश द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने प्रशासन से सादे कपड़े में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात करने का आग्रह किया।

बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह और विधानसभा की प्रभारी सचिव ख्याति सिंह भी बैठक में उपस्थित थे।

भाषा धीरज माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments