scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशजम्मू कश्मीर के कठुआ में संदिग्ध आतंकवादी गतिविधि के मद्देनजर तलाशी अभियान शुरू

जम्मू कश्मीर के कठुआ में संदिग्ध आतंकवादी गतिविधि के मद्देनजर तलाशी अभियान शुरू

Text Size:

जम्मू, 13 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों ने संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सोमवार को कठुआ जिले के राजबाग और रामकोट के कई सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह राजबाग क्षेत्र में सोफेन गांव से अम्बानाल वन की ओर हथियारबंद दो व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली, जिनके पास भारी बैग भी थे।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की मदद से तुरंत तलाशी और घेराबंदी अभियान शुरू कर दिया, लेकिन फिलहाल संदिग्ध आतंकवादियों का कोई सुराग नहीं मिला।

सोफोन के जंगल में पिछले साल मार्च में हुई गोलीबारी की घटना में चार पुलिसकर्मियों ने जान गवाई जबकि पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) संगठन के दो आतंकवादी भी ढेर हो गए थे। आतंकवादी अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके भीतरी इलाकों की ओर बढ़ने के लिए इस क्षेत्र का इस्तेमाल करते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह ने सीआरपीएफ के साथ मिलकर अपराह्न 12 बजकर करीब 15 मिनट पर कठुआ के रामकोट सेक्टर में पंजतीर्थी, भीनी नाला, बरोटा, अगलीधर और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और सेना नजदीकी सांबा जिले के एसआईडीसीओ वन क्षेत्र में दूसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।

यह अभियान रविवार तड़के दो संदिग्ध व्यक्तियों को अंधेरे में घूमते हुए देखे जाने के बाद शुरू किया गया था।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments